छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के चेयरमैन संजय शुक्ला की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता नरेश चंद्र गुप्ता ने पीएमओ में शिकायत दर्ज कराते हुए संजय शुक्ला पर पद के दुरुपयोग से 300 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हुईं, लेकिन उन्हें दबा दिया गया।
संजय शुक्ला पहले से ही रावतपुरा मेडिकल कॉलेज मान्यता घोटाले से जुड़े मामले में आरोपित हैं। इस केस में सीबीआई ने एनएमसी सदस्यों और कॉलेज निदेशक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया था। मामले में उनके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है।
शिकायत में पूर्व मुख्य सचिव और पूर्व रेरा चेयरमैन विवेक ढांढ का नाम भी शामिल है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने विभागीय जांच को प्रभावित करने में मदद की।
पीएमओ ने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग और आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय को निर्देश दिया है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को जांच की प्रगति की जानकारी देने को भी कहा गया है।
फिलहाल इस पूरे मामले ने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है और आगे की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।










