Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

NH-43 पर भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में स्थित बासेन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रविवार रात करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

पीछे से पिकअप ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी नान्हू (30), जयप्रकाश (35) और अकलसाय (25) बाइक से कापू (जिला रायगढ़) से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सीतापुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

ट्रक ने कुचला, दो की मौके पर मौत

दुर्घटना के तुरंत बाद अंबिकापुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर गिरे नान्हू और जयप्रकाश को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप और ट्रक दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए।

हेलमेट ने बचाई एक युवक की जान

बाइक चला रहे अकलसाय ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और डायल-112 की मदद से उसे बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अंतिम संस्कार की सूचना देने गए थे तीनों

बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपने परिवार में हुए एक निधन के बाद दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देने कापू गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना के बाद मानपुर गांव में शोक की लहर है।

पुलिस जांच जारी, CCTV की कमी बनी चुनौती

हादसे के बाद कुछ समय के लिए NH-43 पर यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, अज्ञात पिकअप और ट्रक की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर पर्याप्त और उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की कमी है, जिससे हिट एंड रन मामलों की जांच में मुश्किलें आती हैं।

लोगों की मांग

लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर प्रमुख स्थानों पर हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों में दोषियों की पहचान जल्द हो सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके।

Related Posts

 युवाओं को ‘जॉब सीकर’ नहीं, ‘जॉब क्रिएटर’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय वर्ल्ड लीडर्स…

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की नई दिल्ली में सौजन्य भेंट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली प्रवास के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री…

दिल दहला देने वाली वारदात: मायके जाने की जिद पर देवर ने उठाया खौफनाक कदम, अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा

जगदलपुर (बस्तर): छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर से एक सनसनीखेज और झकझोर देने…

1 of 457