छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिनदहाड़े एक अस्पताल परिसर भी हिंसा से सुरक्षित नहीं रहा। शहर के मासूम हॉस्पिटल में घुसकर कुछ हमलावरों ने एक पिकअप चालक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, साइड को लेकर हुए विवाद के बाद मामला इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने पिकअप चालक का पीछा शुरू कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए चालक सीधे अस्पताल के अंदर घुस गया, लेकिन हमलावर भी डंडे लेकर उसके पीछे-पीछे परिसर में दाखिल हो गए और वहीं उस पर हमला कर दिया।
अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीज, परिजन और अस्पताल स्टाफ घबरा गए और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि घायल पिकअप चालक कोलकाता का रहने वाला है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।










