रायपुर। ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने स्थिति सामान्य होने तक अति आवश्यक परिस्थितियों को छोड़कर पायलट, फॉलो गाड़ी और प्रोटोकॉल का उपयोग नहीं करने का निर्णय लिया है।
सोशल मीडिया पर इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर उन्होंने ईंधन की बचत के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में अब वे प्रोटोकॉल के तहत चलने वाली अतिरिक्त गाड़ियों का उपयोग नहीं करेंगे।
दरअसल, ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, ऐसे में तेल की कीमतें बढ़ने से देश पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग करने की अपील की है।
वित्त मंत्री के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि राज्य के अन्य मंत्री, निगम-मंडलों के अध्यक्ष और सरकारी अधिकारी भी पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए गाड़ियों के उपयोग में कटौती कर सकते हैं। इसे सरकारी स्तर पर सादगी और संसाधनों की बचत की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।










