रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और IPL के रोमांच से सराबोर होने वाली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन और BCCI के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया ने मुलाकात की। इस दौरान आरसीबी टीम की ओर से मुख्यमंत्री को टीम की आधिकारिक जर्सी भेंट की गई और रायपुर में आईपीएल मैच आयोजित करने का औपचारिक निमंत्रण दिया गया।
छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई पहचान: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इन आयोजनों से प्रदेश के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं और अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अब देश के प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है।
23 जनवरी को भारत बनाम न्यूजीलैंड का महामुकाबला
IPL की चर्चाओं के बीच रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मैच की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्टेडियम के चारों ओर बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को लेकर खाका तैयार कर लिया है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) 15 जनवरी को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मैच से जुड़ी विस्तृत जानकारी और शेड्यूल जारी करेगा।
गूंजेगा ‘RCB-RCB’ का शोर?
आरसीबी के अधिकारियों के इस दौरे के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी आईपीएल सीजन के कुछ मैच रायपुर को मिल सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस जैसे सितारों को रायपुर के मैदान पर खेलते देखना प्रशंसकों के लिए किसी सपने से कम नहीं होगा।









