Arshdeep Singh-Samreen Kaur: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर दी है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की वनडे सीरीज के बीच अर्शदीप ने सगाई कर ली है. उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर को प्रपोज करते कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए फैंस को यह सरप्राइज दिया है. इस फोटोज में अर्शदीप सिंह गर्लफ्रेंड समरीन कौर को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं.
अर्शदीप ने खास अंदाज में किया प्रपोज
सामने आई फोटोज में अर्शदीप सिंह घुटनों पर बैठकर समरीन को प्रपोज करते और उन्हें अंगूठी पहनाते हुए काफी रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं, खास बात ये भी है कि उन्होंने अपने जिंदगी के इस बड़े पल के लिए न्यूजीलैंड को चुना. फोटोज पोस्ट करते हुए अर्शदीप और समरीन ने कैप्शन में लिखा, ‘जिंदगी हमें जो कुछ भी दे सकती थी, उसमें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि उसने हमें एक-दूसरे को सौंपा. जीवनभर के इस साथ के नाम 11.11.2026 (हाय मंगेतर).’
अर्शदीप और समरीन का रिश्ता लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ था. इस प्रेम कहानी की चर्चा की शुरुआत तब हुई जब अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वो एक लड़की का हाथ थामे हुए थे, हालांकि उन्होंने चेहरा नहीं दिखाया था. इसके कुछ समय बाद धर्मशाला की सड़कों पर दोनों को एक-दूसरे का हाथ थामे टहलते हुए देखा गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. उस दौरान अर्शदीप वीडियो बना रहे शख्स को रोकने की कोशिश करते भी दिखे थे. आखिरकार जुलाई के महीने में अर्शदीप ने इंस्टाग्राम पर समरीन के साथ फोटोज पोस्ट करते हुए अपने रिश्ते पर आधिकारिक मुहर लगा दी थी.
कौन हैं समरीन कौर?
समरीन कौर ग्लैमर और मनोरंजन जगत की एक उभरती हुई शख्सियत हैं. उन्हें पंजाबी म्यूजिक वीडियोज में अपनी बोल्ड परफॉर्मेंस के लिए खूब पसंद किया जाता है. बॉलीवुड में भी उन्होंने फिल्म ’83’ में छोटी लेकिन यादगार भूमिका निभाई थी. इसके अलावा नेल पॉलिश जैसी वेब फिल्म और कई हिट पंजाबी गानों में उन्होंने काम किया है. समरीन मिस इंडिया जम्मू-कश्मीर भी रह चुके हैं और वह सोशल मीडिया पर अपनी स्टाइलिश इमेज के लिए जानी जाती हैं.










