कांकेर/पेंड्रा। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कांकेर जिले में गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हार्वेस्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक और युवती की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
गोवर्धन पूजा देखकर लौट रहे दो दोस्तों की मौत
कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर जैसाकरा के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, दो दोस्त गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम देखने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही चारामा नगर में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ दो युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक-युवती की मौत
दूसरी घटना पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर पेंड्रा थाना क्षेत्र के अमरपुर के पास हुई। शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक सवार युवक और युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे में युवक हार्वेस्टर की मशीन में फंस गया, जबकि युवती उछलकर सड़क से दूर जा गिरी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की हुई पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मुकेश पोर्ते के रूप में हुई है। वह घाटबहरा के खुसरोपारा का निवासी था। वहीं मृतक युवती दुलरिया बस्ती की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
हार्वेस्टर छोड़कर चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हार्वेस्टर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत से संबंधित इलाकों में शोक का माहौल है।










