पेंड्रा। भारतीय जनता पार्टी के दीपावली मिलन समारोह में उस वक्त असहज स्थिति बन गई, जब मंच पर जगह नहीं मिलने और स्वागत सूची में उचित सम्मान न मिलने से नाराज स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का गुस्सा सामने आ गया। कई नेता मंच से दूरी बनाकर विरोध जताते नजर आए। मामला बढ़ता देख जिले के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल और मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं के सामने व्यवस्था में हुई चूक स्वीकार करते हुए माफी मांगी और नाराजगी दूर करने की कोशिश की।
दरअसल, पेंड्रा स्थित इंदिरा उद्यान में भाजपा का दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल जी यादव समेत जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
मंच पर जगह नहीं मिली तो नाराज हुए स्थानीय नेता
कार्यक्रम में कई स्थानीय भाजपा नेता मौजूद तो रहे, लेकिन मंच पर बैठने के लिए पर्याप्त जगह और उचित स्थान नहीं मिलने से उनकी नाराजगी सामने आ गई। कुछ नेता मंच से दूरी बनाकर खड़े दिखाई दिए। उनका आरोप था कि संगठन के कार्यक्रमों में पुराने नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया जा रहा है।
नाराजगी की जानकारी मंच तक पहुंची तो प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन के दौरान स्थिति को संभालने की कोशिश की।
किसान मोर्चा के नेता ने मंत्री के सामने जताई नाराजगी
मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंच से कहा कि पद आते-जाते रहते हैं और हर किसी को मंच पर बैठने का अवसर नहीं मिल पाता। इसी दौरान उन्होंने प्रदेश किसान मोर्चा के नेता बृजलाल राठौर का जिक्र किया।
इस पर बृजलाल राठौर ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके साथ ऐसा अक्सर जानबूझकर किया जाता है। इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
मंत्री ने आगे कहा कि भाजपा एक परिवार है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य आपसी गिले-शिकवे दूर करना और मिलजुलकर आगे बढ़ना है, ताकि किसी के मन में बैर-भाव न रहे।
संगठन के तौर-तरीकों पर उठे सवाल
कार्यक्रम के बाद संगठन के भीतर नाराजगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर कुछ भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है।
उनका कहना है कि संगठन में कुछ लोग अपनी मनमानी कर रहे हैं। इस पूरे मामले की जानकारी संगठन के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाने की भी बात कही गई है।
मंत्री और विधायक ने कार्यकर्ताओं से मांगी माफी
कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखते हुए प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक प्रणव मरपच्ची ने माफी मांगी। मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत और रीढ़ हैं। उनका सम्मान सर्वोपरि है।
उन्होंने जिलाध्यक्ष और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समय-समय पर ऐसे स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह भी किया, ताकि कार्यकर्ताओं के बीच आपसी मेलजोल और उत्साह बना रहे।
राजनीतिक गलियारों में तेज हुई चर्चा
मंत्री और विधायक की समझाइश के बाद कार्यक्रम का माहौल शांत हुआ और आयोजन आगे बढ़ा। हालांकि, दीपावली मिलन जैसे पारिवारिक आयोजन में भाजपा नेताओं के बीच सामने आई नाराजगी ने जिले की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
सार्वजनिक मंच पर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी जाहिर होने के बाद अब संगठन के भीतर आपसी समन्वय और पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के मुद्दे पर सवाल उठने लगे हैं।










